एलर्जी के लिए सबसे अच्छा क्या है?HealthPlanet

Posted on Tue 6th Dec 2022 : 08:38

एलर्जी में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं –

एलर्जी की समस्या होने पर कुछ खाद्य पदार्थों को डाइट से हटाने और कुछ को आहार में शामिल करने की सलाह दी जाती है। वजह यह है कि कुछ खाद्य वस्तु एलर्जी को कम, तो कुछ उसे बढ़ा सकती हैं। ऐसे में एलर्जी प्रभावित लोगों को इस बात की जानकारी होनी जरूरी है कि किन चीजों से उनकी एलर्जी और बढ़ सकती है या उससे राहत मिल सकती है। इसी सोच के साथ स्टाइलक्रेज के इस लेख में हम एलर्जी में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इस बारे में विस्तारपूर्वक बता रहे हैं। साथ ही यहां एलर्जी डाइट का सैंपल चार्ट भी मौजूद है।


चलिए, सबसे पहले जानते हैं कि एलर्जी आहार क्या है और यह किस प्रकार राहत पहुंचा सकता है।


एलर्जी आहार क्या है – What is Allergy Diet
एलर्जी के समय सेवन किए जाने वाले आहार को एलर्जी आहार व एलर्जी डाइट कहा जाता है। दरअसल, एलर्जी एक तरह की प्रतिक्रिया है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली के कारण होती है। इस समस्या के होने के पीछे पराग, धूल में मौजूद बैक्टीरिया (डस्ट माइट), नमी के कारण पनपने वाले सूक्षम जीव, पालतू पशुओं की रूसी, खाद्य पदार्थ, कीड़े का काटने, दवाइयां आदि जिम्मेदार हो सकते हैं (1)।

एनसीबीआई (नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन) की वेबसाइट पर पब्लिश एक रिसर्च की मानें, तो एलर्जी की समस्या को कम करने के लिए एंटी-एलर्जी दवा और खाद्य पदार्थ मददगार हो सकते हैं। बशर्ते, उस खाद्य पदार्थ के प्रति किसी का शरीर संवेदनशील न हो, अर्थात उसे उस खाद्य से फूड एलर्जी न हो (2)।



एलर्जी में क्या खाना चाहिए सोच रहे हैं, तो आगे एलर्जी डाइट का सैंपल चार्ट देखें।
एलर्जी डाइट चार्ट – Sample Diet Plan for Allergy in Hindi
एलर्जी से राहत पाने में कई तरह के खाद्य पदार्थ की अहम भूमिका हो सकती है। एक रिसर्च में विटामिन सी, टोकोफेरोल (विटामिन-ई), कैरोटीनॉयड (प्लांट पिगमेंट) और इससे युक्त आहार को एलर्जी के लक्षण कम करने में सहायक माना गया है (3)। इस आधार पर कहा जा सकता है कि एलर्जी डाइट चार्ट में इनसे भरपूर खाद्य पदार्थ को शामिल किया जा सकता है (4) (5)।

अब हम एलर्जी की समस्या में क्या खाना चाहिए, इसकी जानकारी देने जा रहे हैं।
एलर्जी की बीमारी में क्या खाएं – Foods for Allergy In Hindi
एलर्जी की समस्या को बढ़ने से रोकने और बचाव करने में कुछ खाद्य पदार्थ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इनमें ये सब शामिल हैं :
1. अदरक

आहार में अदरक को शामिल करने से एलर्जी की समस्या कम हो सकती है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक वैज्ञानिक अध्ययन में दिया हुआ है कि अदरक में जिंजरोल (एक तरह का कंपाउंड) होता है। जिंजरोल टी सेल एक्टिवेशन और प्रोलाइफरेशन (तेजी से गुणा होने की प्रक्रिया) के लिए साइटोकिन (प्रोटीन के समूह) के उत्पादन को दबाता है। इससे एलर्जी राइनाइटिस के लक्षण को कम किया जा सकता है (6)।
2. हल्दी

एलर्जी में क्या खाना चाहिए, इस सूची में हल्दी का नाम भी शामिल है। इससे जुड़े एक मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, हल्दी के सक्रिय घटक करक्यूमिन में एंटी-एलर्जिक क्षमता हो सकती है। इस प्रभाव के कारण हिस्टामाइन कंपाउंड के उत्पादन को रोककर एलर्जी की समस्या और उससे संबंधित लक्षणों को कुछ कम किया जा सकता है। साथ ही इसमें इम्यूनोमॉड्यूलेटरी प्रभाव भी होता है, जो एलर्जी के कारण शरीर में होने वाली प्रतिक्रिया में सुधार कर सकता है (7)।
3. प्याज

एलर्जी की समस्या को कम करने के लिए प्याज का उपयोग किया जा सकता है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर पब्लिश एक अध्ययन के अनुसार, प्याज में एंटी-एलर्जिक प्रभाव होता है, जो एलर्जी कम कर सकता है। इसके अलावा, इसमें एंटी इंफ्लेमेटरी गुण भी होता है, जिससे एलर्जी के कारण होने वाली सूजन की समस्या कम हो सकती है। साथ ही इसमें एंटीहिस्टामाइन प्रभाव भी होता है, जो एलर्जी से जुड़े केमिकल को शरीर में रिलीज होने से रोक सकता है (8)।
4. विटामिन सी

एलर्जी के लिए विटामिन सी का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, विटामिन सी प्लाज्मा एस्कॉर्बिक एसिड के स्तर को बढ़ाकर एलर्जिक राइनाइटिस के लक्षणों को कम कर सकता है। इससे एलर्जी की समस्या से राहत मिल सकती है। साथ ही विटामिन सी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव भी एलर्जी से सुरक्षा प्रदान कर सकता है। इससे सांस लेने की तकलीफ, खांसी, छींक जैसे एलर्जी के लक्षण कम हो सकते हैं (3)।
5. दही

दही के सेवन से एलर्जी को कम किया जा सकता है। एक वैज्ञानिक शोध में दिया हुआ है कि दही में प्रोबायोटिक (अच्छे बैक्टीरिया) होते हैं, जो कि एंटी-एलर्जिक प्रभाव प्रदर्शित करते हैं। यह प्रभाव एलर्जी के जोखिम को कम करने के साथ ही इससे बचाव में भी मदद मिल सकती है (9)।
6. मछली

एलर्जी में क्या खाना चाहिए, इस लिस्ट में मछली का नाम भी शामिल है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिसर्च की मानें, तो ओमेगा 3 लॉन्ग-चैन पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड्स एंटी इंफ्लेमेटरी की तरह काम कर सकता है। यह फैटी एसिड्स मछली में भी होते हैं। इसी आधार पर कहा गया है कि मछली के सेवन से एलर्जी का जोखिम कम हो सकता है (10)। बस ध्यान दें कि कुछ लोगों को मछली से एलर्जी भी हो सकती है (11)। ऐसे लोगों को मछली का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए।
7. टमाटर

एलर्जी की समस्या से राहत पाने के लिए टमाटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस संबंध में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, लाल टमाटर के छिलके में कैरोटीनॉयड होता है, जो शरीर में हिस्टामाइन केमिकल को रिलीज होने से रोक सकता है। इससे एलर्जी के लक्षण को कम करने और इससे बचाव में सहायता मिल सकती है। इसके अलावा, टमाटर में एंटी-एलर्जिक गतिविधि भी होती है, जिसे एलर्जी को कम करने के लिए जाना जाता है (12)।

आगे जरूरी जानकारी है

आइए, अब जान लेते हैं कि एलर्जी में परहेज करने वाले खाद्य पदार्थों में क्या-क्या शामिल हैं।
एलर्जी में परहेज – Foods to Avoid in Allergy in Hindi

कई खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं, जो कि एलर्जी की समस्या का कारण बन सकते हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों से एलर्जी में परहेज करना जरूरी है। इनमें ये शामिल हो सकते हैं (11):

बड़ों के लिए एलर्जी में परहेज करने वाले आहार:

मछली
शेलफिश
मूंगफली
अखरोट

बच्चों के लिए एलर्जी में परहेज करने वाले आहार:

अंडा
दूध
मूंगफली
ट्री नट्स
सोया
गेहूं


अगले भाग में हम यह बता रहे हैं कि एलर्जी के इलाज में जीवन शैली की क्या भूमिका है।
एलर्जी के इलाज के लिए आपकी जीवनशैली – Lifestyle changes in Allergy Treatment In Hindi

एलर्जी के इलाज के लिए व्यक्ति की जीवनशैली की अहम भूमिका होती है। इसके इलाज के लिए अपनी जीवनशैली में ये सुधार कर सकते हैं:

किसी भी खाद्य पदार्थ को अच्छी तरह पकाकर खाएं।
खाद्य पदार्थ को पकाने से पहले अच्छी तरह धोएं।
खाने से पहले और बाद में हाथों को अच्छे से धोएं।
अपने आस-पास की जगहों को साफ रखें।
गंदे कपड़े पहनने से बचें। हमेशा उन्हें धोकर ही पहनें।
समय-समय पर बिस्तर की चादर साफ करें।
सुबह या शाम योग और व्यायाम करें।
बाहर से आते ही हाथ-पैर और मुंह धोएं।
त्वचा में एलर्जी के लक्षण नजर आ रहे हैं, तो उस जगह पर केमिकल युक्त प्रोडक्ट न लगाएं।

एलर्जी में क्या खाना है और क्या नहीं, इसकी पूरी जानकारी आपको मिल गई होगी। एलर्जी के दौरान खाए जाने वाले कई खाद्य पदार्थ इस समस्या को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में अगर किसी को एलर्जी है और खाना खाने के बाद यह समस्या और गंभीर हो रही है, तो डॉक्टर से संपर्क जरूर करें। एलर्जी को कम करने के लिए ऊपर बताए गए जीवन शैली में बदलाव को भी अमल में लाएं। इससे एलर्जी से बचने और उसे गंभीर होने से रोका जा सकता है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल:

एलर्जी के लिए कौन सा फल सबसे अच्छा है?

विटामिन सी स भरपूर फल को एलर्जी के लिए सबसे अच्छा माना जा सकता है (3)।

क्या अदरक एलर्जी के लिए अच्छा है?

जी हां, अदरक एलर्जी के लिए अच्छा होता है (6)।

क्या हम शराब को एलर्जी में पी सकते हैं?

जी नहीं, एलर्जी की स्थिति में शराब पीने से समस्या बढ़ सकती है (13)। वैसे, शराब को हर स्थिति में पीने से बचना चाहिए।

कच्चे खाद्य पदार्थ खाने से हो सकती है एलर्जी

जी हां, कच्चा खाद्य पदार्थ के सेवन से एलर्जी हो सकती है (14)।

स्किन एलर्जी में क्या नहीं खाना चाहिए?

अगर कोई सोच रहा है कि स्किन एलर्जी में क्या नहीं खाना चाहिए, तो मूंगफली और अखरोट जैसे एलर्जिक खाद्य से परहेज करना बेहतर होगा।

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info